छात्रसंघ चुनाव को लेकर कुलपति ने बुलाई बैठक, छात्राओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने सत्र 2026-27 के छात्रसंघ एवं महासंघ चुनावों के आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव प्रभारी, सभी संबद्ध परिसरों के निदेशक, कुलानुशासक तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण मौजूद रहे।
बैठक में शासन के निर्देशों के अनुरूप छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों पर छात्राओं की 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू करने पर सहमति व्यक्त की गई। अधिकारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे छात्राओं की नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कुलपति प्रो. बिष्ट ने सभी अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव प्रभारी प्रो. जगत सिंह बिष्ट, अल्मोड़ा एवं चंपावत परिसर के निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, पिथौरागढ़ परिसर के निदेशक डॉ. हेम चंद्र पांडे, बागेश्वर परिसर के निदेशक डॉ. कमल किशोर जोशी सहित डॉ. मनोज कुमार बिष्ट, डॉ. डी.के. उपाध्याय और डॉ. भवान सिंह उपस्थित रहे।














