पांच साल से चल रही कानूनी लड़ाई का अंत, सुप्रीम कोर्ट ने एफआईआर और चार्जशीट समेत पूरी आपराधिक कार्रवाई की निरस्त
नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णकांत के कार्यालय के माध्यम से मिली कानूनी सहायता, सुप्रीम कोर्ट के फैसले से परिवार ने ली राहत की सांस

ब्यूरो तौकीर आलम
हरिद्वार। करीब पांच वर्षों से कानूनी प्रक्रिया और अदालती लड़ाई का सामना कर रहे आदित्य वर्धन और उनके परिवार को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में अहम फैसला सुनाते हुए देहरादून के गढ़ी कैंट थाने में दर्ज एफआईआर, दाखिल चार्जशीट और उससे जुड़ी समस्त आपराधिक कार्यवाही को निरस्त कर दिया है। सर्वोच्च अदालत के इस फैसले से लंबे समय से कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे परिवार को बड़ी राहत मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में देहरादून के गढ़ी कैंट थाने में प्रियाक्षी क्षेत्री की शिकायत पर आदित्य वर्धन समेत छह लोगों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही परिवार को लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। न्याय पाने के लिए परिवार ने उत्तराखंड हाईकोर्ट का भी रुख किया, लेकिन मार्च 2025 में हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं।
इसके बाद परिवार के सदस्य नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णकांत के कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले में कानूनी सहायता मांगी। परिवार की परेशानी को देखते हुए कृष्णकांत के कार्यालय के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में पैरवी के लिए विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके बाद मामला सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष पहुंचा, जहां सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की खंडपीठ ने एफआईआर, चार्जशीट और मामले से जुड़ी पूरी आपराधिक कार्यवाही को निरस्त करने का आदेश दिया।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को आदित्य वर्धन और उनके परिवार के लिए बड़ी कानूनी राहत के रूप में देखा जा रहा है। करीब पांच साल तक चली इस कानूनी लड़ाई के बाद परिवार को न्यायालय से राहत मिलने पर परिजनों ने भी सुकून महसूस किया है।
जरूरतमंदों को कानूनी सहायता देना संस्था का उद्देश्य: कृष्णकांत
नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णकांत ने कहा कि संस्था जरूरतमंद और पीड़ित लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था का उद्देश्य ऐसे लोगों को उचित विधिक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से न्यायालय तक अपनी बात पहुंचाने में कठिनाई महसूस करते हैं।
उन्होंने कहा कि जनहित और जरूरतमंद लोगों से जुड़े मामलों में संस्था अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। आदित्य वर्धन और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत भी इसी दिशा में किए गए प्रयासों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।














