आपदा प्रबंधन दिवस पर कल अल्मोड़ा समेत प्रदेशभर में होगी मॉक ड्रिल, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए तैयारियां पुख्ता रखने के निर्देश

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर 28 नवंबर को उत्तराखंड के सभी जनपदों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा में मॉक ड्रिल के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता का आकलन करने का महत्वपूर्ण अभ्यास है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल को पूरी गंभीरता के साथ आयोजित किया जाए और वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयारियों की समीक्षा की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता तथा राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी संचालन बेहद जरूरी है। मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों में मौजूद कमियों को चिह्नित कर उन्हें दूर किया जाए, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में जनहानि और नुकसान को कम करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, संभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।













