एक्सक्लूसिव खबरेंलक्सर

अज्ञात वाहन की टक्कर से बिजली का पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, पूरी रात अंधेरे में डूबा रहा भोगपुर गांव

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप

लक्सर। भोगपुर गांव को विद्युत आपूर्ति देने वाली हाईटेंशन लाइन के पोल और ट्रांसफार्मर को शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली के पोल का जोड़ा और उस पर लगा ट्रांसफार्मर टूटकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के चलते भोगपुर गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। शनिवार सुबह ऊर्जा निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार, भोगपुर गांव को भट्टीपुर विद्युत उपकेंद्र से शाहपुर गांव के रास्ते हाईटेंशन लाइन के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे शाहपुर गांव के पास सड़क किनारे लगे विद्युत पोल के जोड़े को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे पोल और उन पर लगा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे गिर गए। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से भोगपुर गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।

ग्रामीण नंदराम, नीटू सैनी, अंकित कुमार, सौरव, श्रवण, जितेंद्र कुमार, विनीत और मोनू ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे अचानक गांव की बिजली गुल हो गई थी। इसके बाद पूरी रात बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली न होने के कारण फ्रिज, प्रेस, गीजर और हीटर सहित अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे। वहीं, मोबाइल फोन चार्ज करने तक के लिए ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने शनिवार सुबह ऊर्जा निगम के अधिकारियों से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की। इसके बाद ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल व विद्युत लाइन का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।

ऊर्जा निगम की एसडीओ गिन्नी रानी ने बताया कि शाहपुर गांव में अज्ञात वाहन की टक्कर से विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने का मामला संज्ञान में है। विभागीय टीम को मौके पर भेजकर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!