अल्मोड़ा में जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव का भव्य आयोजन, 400 से अधिक बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव 2026-27 का भव्य आयोजन पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में किया गया। महोत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 400 से अधिक बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता आयोजित की गई।
विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन जूनियर एवं सीनियर वर्ग में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सात उपविषयों पर आधारित विज्ञान मॉडल, प्रयोग और नवीन विचार प्रस्तुत किए। इनमें बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय प्रतिरूपण एवं कम्प्यूटेशनल चिंतन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, स्वदेशी कृषि पद्धतियां, ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान तथा आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
विद्यार्थियों ने अपने आकर्षक मॉडलों के माध्यम से विज्ञान एवं तकनीक के बेहतर उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास, ग्रामीण जीवन में सुधार और आपदा प्रबंधन के प्रभावी उपायों को प्रस्तुत किया। वहीं विज्ञान ड्रामा के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली ने कहा कि विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान एवं तकनीक का युग है। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर प्रयोग, अवलोकन और अनुसंधान के माध्यम से सीखने की प्रवृत्ति विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने बाल वैज्ञानिकों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के छोटे-छोटे वैज्ञानिक प्रयास भविष्य में बड़े आविष्कारों का आधार बन सकते हैं। विज्ञान का वास्तविक उद्देश्य मानव जीवन को सरल, सुरक्षित और बेहतर बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, स्वच्छता, कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। कार्यक्रम में यू.सी. पाण्डेय, प्रधानाचार्य, विजया पंत, प्रधानाचार्या, जिला विज्ञान समन्वयक विनोद कुमार राठौर, विजय पांडे, डॉ. प्रभाकर जोशी, पंकज जोशी, प्रीति पांडे, धीरज कुमार एवं मनोज जोशी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, वैज्ञानिक विचारों का आदान-प्रदान करने और विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़कर समझने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।












