एक्सक्लूसिव खबरेंलक्सर

भोगपुर में सरकारी राशन की दुकान आवंटन प्रक्रिया स्थगित, ग्रामीणों की कम उपस्थिति बनी वजह

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप

लक्सर। भोगपुर गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन की प्रक्रिया ग्रामीणों की कम उपस्थिति के चलते स्थगित कर दी गई। बुधवार को ग्राम पंचायत भवन में आयोजित आवंटन प्रक्रिया में कुल 5975 ग्रामीणों में से मात्र 524 ग्रामीण ही पहुंचे। निर्धारित मानक के अनुसार आवश्यक संख्या पूरी नहीं होने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। वहीं, कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें आवंटन प्रक्रिया की पूर्व में जानकारी नहीं दी गई थी, जिसके चलते अधिकांश ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंच पाए।

जानकारी के अनुसार, लक्सर तहसील क्षेत्र के भोगपुर, टांडाभागमल, टांडा मझादा, तिलकपुरी और बाड़ीटीप गांवों की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पिछले काफी समय से टांडा भागमल निवासी कृष्णकांत शर्मा संचालित कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, राशन डीलर की मृत्यु के बाद वर्तमान में उनकी पत्नी रीना शर्मा दुकान का संचालन कर रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें समय पर सरकारी राशन नहीं मिल पा रहा है। राशन वितरण के लिए डीलर महीने में मात्र दो-तीन दिन भोगपुर गांव पहुंचती हैं। ऐसे में कई ग्रामीणों को राशन वितरण की जानकारी नहीं मिल पाती और वे सरकारी राशन से वंचित रह जाते हैं।

आशीष कुमार, संजय कुमार, सोनू, सलमान और खुर्शीद सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से भोगपुर गांव में अलग राशन की दुकान आवंटित करने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर बुधवार को एडीओ पंचायत लक्सर रचना के नेतृत्व में ग्राम पंचायत भवन में आवंटन प्रक्रिया शुरू कराई गई। सुबह 10 बजे से ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हुआ, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक कुल 5975 ग्रामीणों में से केवल 524 ग्रामीण ही उपस्थित हुए। आवश्यक संख्या पूरी नहीं होने के कारण आवंटन प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी।

वहीं, बाबूराम, संजय, अमित कुमार, पॉपीन और नरेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें राशन की दुकान आवंटन प्रक्रिया की पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। यदि सभी ग्रामीणों को समय रहते सूचना दी जाती तो बड़ी संख्या में ग्रामीण इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते थे।

एडीओ पंचायत लक्सर रचना ने बताया कि भोगपुर में राशन की दुकान आवंटन प्रक्रिया के दौरान कुल 5975 ग्रामीणों में से केवल 524 ग्रामीण ही पहुंचे थे। निर्धारित संख्या पूरी नहीं होने के कारण प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि अगली बार आवंटन के लिए समय निर्धारित कर सभी ग्रामीणों को सूचना दी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आवंटन प्रक्रिया कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!