लमगड़ा में पुलिस का चेकिंग अभियान के दौरान बिना डबल हेलमेट चलने वालों के कटे चालान

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा- जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लमगड़ा पुलिस ने शुक्रवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही पीछे बैठकर सफर करने वाले लोगों को भी डबल हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक किया। वहीं, बिना डबल हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लमगड़ा दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना एवं चौकी क्षेत्रांतर्गत वाहनों की चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को बताया कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। हेलमेट दुर्घटना के समय सिर में गंभीर चोट लगने के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस ने बिना डबल हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए नियमों का पालन करने की हिदायत दी। वहीं, डबल हेलमेट का प्रयोग कर रहे वाहन चालकों और उनके पीछे बैठे व्यक्तियों की सराहना भी की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें और यातायात नियमों का पालन करते हुए दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।













