एक्सक्लूसिव खबरेंचंपावत

चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का एक संयुक्त दल मेघालय के दौरे पर गया

ब्यूरो चीफ जगदीश चंद्र जोशी

चंपावत। उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोतों (धारा-नौला) के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का एक संयुक्त दल मेघालय के दौरे पर है।

25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, वन और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों सहित कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं।

भ्रमण के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने दल को राज्य में संचालित प्रमुख परियोजनाओं—जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) द्वारा वित्तपोषित ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक (KfW) द्वारा वित्तपोषित ‘MEGARISE’ की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

दल ने MEGALIFE परियोजना के तहत संचालित ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मॉडल के तहत स्थानीय स्तर पर गठित समितियों (जिनमें 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है) को प्राकृतिक वन संरक्षण के बदले ₹10,000 प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। शिलांग के संबंधित ग्राम की समिति ने इस पहल से 46-47 हेक्टेयर वन क्षेत्र को संरक्षित किया है और वर्तमान में समिति के खाते में सामुदायिक विकास के लिए लगभग ₹15 लाख की राशि जमा है।

SARRA के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र (Biochar Production Plant) का भी जायजा लिया। मई 2026 में MBDA, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और निजी संस्था के त्रिपक्षीय समझौते से शुरू हुए इस पायलट प्रोजेक्ट के जरिए बायोचार उत्पादन और उससे मिलने वाले कार्बन क्रेडिट का सीधा लाभ स्थानीय समुदायों को देने पर काम चल रहा है। इस दौरान कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने भी तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

भ्रमण दल ने मेघालय की एग्रोफॉरेस्ट्री (कृषि वानिकी) तकनीकों का भी अध्ययन किया। अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का PES मॉडल और सामुदायिक सहभागिता उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों, विशेषकर चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और जल स्रोतों के संरक्षण में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!