अल्मोड़ाएक्सक्लूसिव खबरें

शासन ने IAS और PCS अधिकारियों के किए तबादले, अल्मोड़ा को मिली नई जिलाधिकारी, अंशुल सिंह बने नैनीताल के डीएम

 

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा

 

 

 

अल्मोड़ा- उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों के तबादले किए हैं। 27 नवंबर 2026 को कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद कुमाऊं मंडल के दो महत्वपूर्ण जिलों अल्मोड़ा और नैनीताल में जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी बदल गई है।

जारी आदेश के अनुसार, अल्मोड़ा के वर्तमान जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, खेल एवं युवा कल्याण निदेशक दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इस बदलाव के साथ ही अल्मोड़ा जिले को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिलने जा रहा है।

2018 बैच के IAS अधिकारी अंशुल सिंह 12 अक्टूबर 2025 से अल्मोड़ा के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, रोजगार, पर्यटन और खेल सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए विद्यालयों, अस्पतालों और ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया।

इससे पहले अंशुल सिंह पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार में एसडीएम, रुड़की में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अल्मोड़ा में मुख्य विकास अधिकारी तथा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। अब उन्हें नैनीताल जिले की कमान सौंपी गई है।

खेल एवं युवा कल्याण निदेशक के पद पर कार्यरत दीप्ति सिंह अब अल्मोड़ा की नई जिलाधिकारी के रूप में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगी। उनके सामने जिले में विकास कार्यों को गति देने, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करने, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और पर्यटन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी।

शासन की ओर से जारी आदेश में कई अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। IAS अधिकारी ललित मोहन रयाल को अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनात किया गया है। विनीत तोमर को कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक के साथ जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।वहीं, निधि यादव को अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण, उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।PCS अधिकारियों में कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार, पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार, वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी देहरादून, सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल और सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है।शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब सबकी निगाहें नए जिलाधिकारियों की कार्यशैली और विकास योजनाओं को लेकर उनकी प्राथमिकताओं पर रहेंगी। खास तौर पर अल्मोड़ा में दीप्ति सिंह के नेतृत्व में प्रशासन किस तरह नई दिशा में आगे बढ़ता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!