संविधान दिवस के अवसर पर क्विज प्रतियोगिता में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा ने मारी बाजी, जनपद में हासिल किया प्रथम स्थान, तीन विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, करेंगे अल्मोड़ा जनपद का प्रतिनिधित्व

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। संविधान दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी, अल्मोड़ा की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय ELC (इलेक्ट्रोरल लिटरेसी क्लब) क्विज प्रतियोगिता में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय का गौरव बढ़ा है।
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा गीतिका पांडे (कक्षा 11), सौम्या जोशी तथा छात्र मनीष लोहनी (कक्षा 11) की टीम ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ ही तीनों विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब ये विद्यार्थी राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में जनपद अल्मोड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।














