मुंबई के वैश्विक मंच पर महापौर शम्भू पासवान ने उठाया ऋषिकेश की रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का मुद्दा
तीसरा विश्व महापौर सम्मेलन में शहरी नदी प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर साझा किए ऋषिकेश के अनुभव

संपादक अनिल रावत एवं लक्ष्मी रावत
ऋषिकेश/मुंबई। मुंबई के होटल फेयरमॉन्ट (Fairmont) में आयोजित दो दिवसीय तीसरा विश्व महापौर सम्मेलन में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शम्भू पासवान ने प्रतिभाग कर वैश्विक मंच पर ऋषिकेश की पर्यावरणीय धरोहर रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। देश-विदेश से आए विभिन्न शहरों के महापौरों, जनप्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों के बीच महापौर ने शहरी नदी प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा नदियों के पुनर्जीवन के लिए संस्थागत समन्वय की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के ‘City Perspective-I’ सत्र में वक्ता के रूप में महापौर श्री शम्भू पासवान ने ऋषिकेश की रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि शहरी विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नदियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अविरल बनाए रखने, पर्यावरणीय संतुलन कायम रखने तथा प्रकृति-आधारित समाधानों को शहरी नियोजन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
महापौर ने कहा कि ऋषिकेश की प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। रंभा नदी जैसी स्थानीय जलधाराओं का संरक्षण न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह शहर के सतत विकास और भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की पर्यावरणीय चुनौतियों और नदी पुनर्जीवन से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रखने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
इस सत्र का संचालन राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (NIUA) के श्री राहुल सचदेवा ने किया। सत्र में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के उप महानिदेशक श्री नलिन श्रीवास्तव, ऋषिकेश के महापौर श्री शम्भू पासवान, अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के श्री यशवीर भटनागर तथा NIUA के शैलो एक्विफर मैनेजमेंट (SAM) कार्यक्रम के प्रमुख श्री उदय भोंडे सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने शहरी नदी प्रबंधन, नदी संरक्षण, प्रकृति-आधारित समाधान एवं शहरी नियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
दो दिवसीय इस वैश्विक बैठक में महापौर श्री शम्भू पासवान द्वारा ऋषिकेश की रंभा नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का विषय उठाए जाने से शहर की पर्यावरणीय प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। यह पहल स्थानीय प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण, सतत शहरी विकास और पर्यावरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।














