30 नवंबर को होगी भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक , विधानसभा चुनाव को लेकर होगा मंथन

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने और हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आगामी 30 नवंबर को प्रातः 9:30 बजे जिला भाजपा कार्यालय पातालदेवी में जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य एवं जिला प्रभारी राजेंद्र बिष्ट कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित इस बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाकर ऐतिहासिक हैट्रिक लगाना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ संगठन के कार्यों में जुटना होगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव की जीत के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना जरूरी है। प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टोली तैयार कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को अभी से जुटना होगा। उन्होंने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों एवं जिला कार्यसमिति के सभी अपेक्षित सदस्यों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने की अपील की।














