अल्मोड़ा में 31 स्थानों पर मेगा मॉक ड्रिल, 1596 विद्यालयों में भी हुआ आपदा जागरूकता अभ्यास

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए शनिवार को व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस अभ्यास के तहत जिले के 31 स्थानों पर विभिन्न आपदा परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। वहीं, 1596 विद्यालयों में भी जागरूकता मॉक अभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, वनाग्नि, भारी हिमपात, अत्यधिक बारिश से जलभराव, सड़क दुर्घटना, सड़क अवरुद्ध होने, भीड़ प्रबंधन और वन्यजीव-मानव संघर्ष जैसी आपातकालीन परिस्थितियों को लेकर अभ्यास किया गया। इस दौरान संबंधित विभागों ने राहत एवं बचाव कार्यों, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय की तैयारियों को परखा।
अभ्यास में आपदा की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई, प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान संचालित करने तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना रहा।
मॉक ड्रिल के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभ्यास के दौरान सामने आए सकारात्मक पहलुओं के साथ कमियों और चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कमियों को दूर करने और विभागीय तैयारियों को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी भी आपदा के दौरान प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।
इस दौरान परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














