सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान का आयोजन
डॉ. अतुल कृष्ण ने विद्यार्थियों को दिया ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ का संदेश

संपादक अनिल रावत एवं लक्ष्मी रावत
देहरादून। आज सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स, देहरादून में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय कर्तव्यबोध एवं आदर्श नागरिक बनने का संदेश दिया।

डॉ. अतुल कृष्ण ने अपने संबोधन में ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के मूल मंत्र को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान करते हुए वंदे मातरम् एवं जय हिंद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और समर्पण को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों पर चलने तथा एक जिम्मेदार एवं चरित्रवान नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के सहयोगी डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ विषय पर एक प्रेरक कहानी सुनाकर छात्र-छात्राओं को जीवन में अनुशासन, नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा का महत्व समझाया।
इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ ‘जय हिंद, जय भारत’, ‘वंदे मातरम्’, ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ तथा ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारे लगाए। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के देहरादून जिला निदेशक डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी, रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी, देहरादून की स्वामी अवनी कमल तथा ओ. एस. डी. सुभारती हॉस्पिटल बलवंत बोहरा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेश चंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस अभियान को आज की आवश्यकता बताते हुए कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराने के साथ-साथ देश की एकता, अखंडता और गौरव को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी।














