प्रभारी सचिव ने विकास योजनाओं की समीक्षा की समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर ध्यान दिए जाने के निर्देश

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा, 24 अक्टूबर। जनपद के प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए विभागीय समन्वय, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रभारी सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला योजना, राज्य योजना, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं के साथ केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत धनराशि, अवमुक्त बजट और उसके सापेक्ष किए गए व्यय की विभागवार जानकारी ली गई। अधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष हासिल की गई उपलब्धियों का विवरण भी प्रस्तुत किया।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित और निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। प्रभारी सचिव ने घरेलू नल कनेक्शनों की कार्यशीलता और हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
बैठक में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली केंद्र एवं राज्य सरकार की परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों ने निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। इसके अलावा मानसून के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की पैच मरम्मत के लिए निर्धारित लक्ष्यों और अब तक किए गए कार्यों की भी जानकारी ली गई।
प्रभारी सचिव ने योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।














