विक्टोरिया प्रीमियर लीग: फाइनल में यश सनशाइन वॉरियर्स से भिड़ेगा रॉयल क्रिकेट क्लब

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। विक्टोरिया प्रीमियर लीग में बुधवार को खेले गए दो मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबले में यश सनशाइन वॉरियर्स और रॉयल क्रिकेट क्लब आमने-सामने होंगे। बुधवार को पहले एलिमिनेटर में नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर्स ने अल्मोड़ा सर्विसेज को 62 रन से हराया, जबकि क्वालीफायर-2 में रॉयल क्रिकेट क्लब ने नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर्स को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में सभी विकेट खोकर 142 रन बनाए। कमल भट्ट ने 32 गेंदों में 49 रन की पारी खेली। अल्मोड़ा सर्विसेज की ओर से हिमांशु नेगी ने चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अल्मोड़ा सर्विसेज की टीम 14.1 ओवर में 80 रन पर सिमट गई। नितिन कम्युनिकेशन की ओर से संदीप गोस्वामी ने चार ओवर में 14 रन देकर पांच विकेट झटके। शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले यानी क्वालीफायर-2 में रॉयल क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 226 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से नैतिक ने 52 गेंदों में 93 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर्स की टीम 16.4 ओवर में 139 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए नैतिक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
पहले मुकाबले के मुख्य अतिथि एसएसजे परिसर, अल्मोड़ा की नवनिर्वाचित छात्रा उपाध्यक्ष रश्मि पांडे और निरंजन साह रहे। वहीं, दूसरे मुकाबले में भाजपा उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अल्मोड़ा के पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिला पंचायत सदस्य खतयाड़ी के प्रतिनिधि आनंद सिंह कनवाल और भाजपा मंडल अध्यक्ष (हवालबाग ब्लॉक) संजय बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।














