सफाई कर्मचारी आयोग के राज्य मंत्री ने ली विभागीय समीक्षा बैठक, अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर जताई नाराजगी

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के राज्य मंत्री ए.के. सिकन्दर पवार ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्वच्छता व्यवस्था और पर्यावरण मित्रों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण से संबंधित योजनाओं पर विशेष ध्यान देने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य मंत्री ए.के. सिकन्दर पवार ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में इन महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों का उपस्थित नहीं होना बेहद चिंताजनक और गैर-जिम्मेदाराना रवैया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का स्वच्छता व्यवस्था और पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से सीधा संबंध है। ऐसे महत्वपूर्ण विभाग के अधिकारियों का बैठक में शामिल नहीं होना इस विषय के प्रति उनकी गंभीरता पर सवाल खड़े करता है।
राज्य मंत्री ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शिकायत पत्र भेजकर उनसे जवाब तलब किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वंचित, गरीब और जरूरतमंद वर्ग तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना होगा।














