अल्मोड़ाएक्सक्लूसिव खबरें

आर्य इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को बताए मौलिक अधिकार और साइबर सुरक्षा के उपाय

 

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा

 

 

 

 

अल्मोड़ा-उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में गुरुवार को आर्य इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में “मौलिक कर्तव्य एवं अधिकार तथा साइबर सुरक्षा” विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह ने विद्यार्थियों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता, संस्कृति एवं शिक्षा के अधिकार के साथ-साथ राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान के सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, फिशिंग, हैकिंग, साइबर बुलिंग जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई।

इसके अलावा ई-ट्रू कॉपी मॉड्यूल, ई-सेवा केंद्र, ई-फाइलिंग व्यवस्था, देहरादून एवं हल्द्वानी में संचालित वाणिज्यिक न्यायालयों की भूमिका, आपदा पीड़ितों के अधिकार, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा स्थायी लोक अदालत के लाभों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।

श्रीमती अनामिका सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से विभिन्न मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान किया जाएगा।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विधिक जानकारी से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में अधिकार मित्र विनीता आर्या एवं नीमा बिनवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!