रायसी क्षेत्र में बिजली कटौती से ग्रामीणों में भारी रोष

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप
लक्सर। रायसी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही बिजली गुल हो जाती है और कई बार दिन में भी घंटों कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार बिजली कटौती के कारण घरों के साथ-साथ दुकानदारों, किसानों और छोटे कारोबारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार किए जाने की मांग की है। रायसी विद्युत उपकेंद्र के निरंजनपुर फिटर पर एक दर्जन से अधिक गांव आते हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसी तरह लगातार बिजली कटौती होती रही तो आम जनता को मजबूर होकर संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती का समय निर्धारित किया जाए और अनावश्यक कटौती पर रोक लगाई जाए।
वहीं, बिजली विभाग के जेई मनोज कुमार सैनी का कहना है की रात्रि के दौरान रोस्टिंग के चलते विद्युत आपूर्ति सुचारु होने में समय लगा है, क्योंकि रोस्टिंग ऊपर से ही होती है।अधिकारियों के अनुसार ऊपर से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण स्थानीय स्तर पर भी विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं रहती है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।














