एक्सक्लूसिव खबरेंलक्सर

लक्सर में कांग्रेस के सदस्यता कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा-बसपा के सैकड़ों लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप

लक्सर। 30अक्टूबर को लक्सर में कांग्रेस की ओर से आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी कार्यक्रम में भाजपा और बसपा से जुड़े सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों को पार्टी का प्रतीक चिन्ह पहनाकर कांग्रेस में शामिल कराया।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व राज्य मंत्री एवं कांग्रेस नेता रविंद्र सिंह आनंद के द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. हरक सिंह रावत का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनके स्वागत में आतिशबाजी भी की गई। वहां पर मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारों तथा तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बालेश्वर कुमार, नगर अध्यक्ष भगत सिंह सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में अजब सिंह, प्रमोद कुमार, विजय वर्मा, नवीन चड्ढा, अरविंद गर्ग, राजकुमार सैनी, दीपक पंवार, ईशम सिंह कश्यप, कृष्णा, पवन सैनी, सन्नी सैनी, राहुल कुमार, मोहन सैनी, सोम सैनी, सुरेंद्र कश्यप, राज कश्यप, जौनी सैनी, सुरेंद्र चौहान, राजेंद्र सिंह, पंकज सैनी, अख्तर अली, अमित पंवार और आकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। आयोजकों के अनुसार, इनमें कई लोग पूर्व में भाजपा और बसपा से जुड़े रहे हैं तथा विभिन्न पदों पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता के वास्तविक मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कार्यकर्म के आयोजक रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस से जुड़ना संगठन के विस्तार और राजनीतिक सक्रियता का संकेत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का परिवार लगातार बढ़ रहा है और पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए सभी नए सदस्यों और कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और भाजपा-बसपा से जुड़े लोगों के कांग्रेस में शामिल होने से लक्सर की राजनीति में इस सदस्यता कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!