फिजिशियन पर भाजपा के ‘एक सप्ताह’ के वादे पर कांग्रेस का सवाल, कब पूरा होगा एक सप्ताह और डॉक्टर कब आएगा?

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल अल्मोड़ा में पिछले करीब दो माह से फिजिशियन का पद खाली होने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा नेताओं और सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने कहा कि एक सप्ताह पहले भाजपा के कई नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद दावा किया था कि जिला अस्पताल में एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की नियुक्ति कर दी जाएगी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती नहीं हो सकी है।
वैभव पांडे ने कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता से एक सप्ताह का वादा किया था, इसलिए अब उन्हें बताना चाहिए कि वह “एक सप्ताह” कब पूरा होगा। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में फिजिशियन नहीं होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मरीजों को निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों में उपचार के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता लगातार घोषणाएं और दावे कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को आश्वासन नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए। जिला अस्पताल पहाड़ की बड़ी आबादी के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है और विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद लंबे समय तक खाली रहना गंभीर चिंता का विषय है।
वैभव पांडे ने सरकार से तत्काल फिजिशियन की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डॉक्टर की तैनाती नहीं की गई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क पर आंदोलन करेगी। उनके अनुसार यह राजनीतिक नहीं बल्कि हजारों मरीजों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है।














