हल्द्वानी प्रकरण पर भाजपा का सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना, कांग्रेस पर माहौल बिगाड़ने का आरोप

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा, 7 सितंबर। हल्द्वानी में कांग्रेस की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा ने सोमवार को चौघानपाटा में “सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना-प्रदर्शन” आयोजित किया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर इस मामले को राजनीतिक रंग देकर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
धरने की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि कांग्रेस धर्म और जाति के नाम पर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। पूर्व राज्य मंत्री दिनेश आर्या ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने भी धरने में पहुंचकर सहभागिता की।

मुख्य वक्ता दिनेश आर्या ने कहा कि कांग्रेस द्वारा दलित सम्मान और अस्पृश्यता के मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दलित सम्मान किसी दल की जागीर नहीं बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है। उन्होंने कांग्रेस पर अपने ही नेताओं के सम्मान को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
सांसद अजय टम्टा ने कहा कि कांग्रेस को दलित सम्मान की राजनीति करने से पहले अपने इतिहास और कार्यशैली पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक दलित समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने कहा कि कांग्रेस का दलित प्रेम केवल राजनीतिक आवश्यकता तक सीमित है। उन्होंने हरियाणा के चर्चित मिर्चपुर कांड का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से जवाबदेही तय करने की मांग की।
कुमाऊं संयोजक वीरेंद्र आर्या, ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या तथा भाजपा नेता प्रमोद पवार ने भी कांग्रेस पर सामाजिक विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि दलित समाज को राजनीतिक नारों नहीं बल्कि सम्मान, अवसर और न्याय की आवश्यकता है।
धरने में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति का विरोध करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री दर्शन रावत और प्रकाश भट्ट ने संयुक्त रूप से किया।
धरना-प्रदर्शन में गोविंद पिलख्वाल, कुंदन लटवाल, रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, रवि रौतेला, बिट्टू, त्रिलोक रावत, ललित लटवाल, सुरेश परदेसी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














