नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप
लक्सर। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रायसी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कुड़ी नेतवाला गांव के पास नीलगाय से टकराने के कारण बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए रुड़की अस्पताल ले जाया गया, जहां 27 अक्टूबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
रायसी पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को मोटरसाइकिल संख्या UK08 AH-3967 लक्सर से रायसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुड़ी नेतवाला गांव के पास अचानक सड़क पर आई नीलगाय से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय रबिन कुमार पुत्र रमेश, निवासी ग्राम निरंजनपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर घायल युवक को उपचार के लिए रुड़की अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने मृतक के पंचायतनामे की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।














