नगर पंचायत पिरान कलियर बोर्ड बैठक में 114 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, विकास कार्यों की अनदेखी पर सभासदों ने जताई नाराजगी
प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों का मुद्दा गरमाया, नामित सभासदों के प्रस्ताव रखने पर निर्वाचित सभासदों ने दर्ज कराई आपत्ति

ब्यूरो चीफ तौकीर आलम
पिरान कलियर। नगर पंचायत कलियर की बोर्ड बैठक में करीब 114 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। हालांकि बैठक में विकास कार्यों को लेकर सभासदों की नाराजगी भी खुलकर सामने आई। प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तें जारी कराने, वार्डों में विकास कार्यों की अनदेखी और नामित सभासदों की ओर से बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखे जाने के मुद्दे छाए रहे। निर्वाचित सभासदों ने अपने वार्डों में अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने पर नाराजगी जताई और नामित सभासदों के प्रस्ताव शामिल किए जाने पर लिखित आपत्ति भी दर्ज कराई।
बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष समीना की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव रखे। इनमें सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, पथ प्रकाश की व्यवस्था, सिंचाई विभाग की भूमि को लीज पर लेने और ई-रिक्शा से की जा रही वसूली पर रोक लगाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।
बैठक के दौरान सभासद दिलबाग त्यागी, राशिद रहीस और रेशमा परवीन समेत अन्य सभासदों ने नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के दौरान कुछ वार्डों की अनदेखी की जा रही है। सभासदों ने कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाने चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों का उठा मुद्दा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 1286 आवासों की लंबित किस्तों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सभासदों ने कहा कि योजना के लाभार्थियों की किस्तें रुकने से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कई परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन स्तर पर पैरवी कर लाभार्थियों की रुकी हुई किस्तें जल्द जारी कराने की मांग की।
बैठक में बताया गया कि योजना के तहत स्वीकृत 1286 आवासों में करीब 80 प्रतिशत लाभार्थियों को पहली किस्त, जबकि 15 प्रतिशत को दूसरी और तीसरी किस्त तथा पांच प्रतिशत लाभार्थियों को अंतिम किस्त जारी की गई थी। इसके बाद 25 अक्टूबर को शासन की ओर से योजना की किस्तों पर रोक लगा दी गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण के तहत 958 आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया बंद होने का मामला भी सामने आया।
नामित सभासदों के प्रस्तावों पर निर्वाचित सभासदों की आपत्ति
बोर्ड बैठक में नामित सभासदों की ओर से प्रस्ताव रखे जाने का मामला भी चर्चा का विषय बना रहा। निर्वाचित सभासदों ने इस पर आपत्ति जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि बोर्ड बैठक में नामित सभासदों के प्रस्ताव शामिल किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। इस मुद्दे पर बैठक में काफी चर्चा हुई।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि बोर्ड बैठक में करीब 114 प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सभी सभासदों की सहमति से पारित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी किस्तों को लेकर एक व्यक्ति की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि योजना के दूसरे चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। नामित सभासदों के प्रस्ताव भी सभी की सहमति से बोर्ड बैठक में शामिल किए गए हैं।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष समीना ने कहा कि बैठक में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव रखे गए थे। सभी प्रस्तावों को सभासदों की सहमति से पारित किया गया है। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद, सत्तार अहमद,अमजद अली, राशिद रईस ,जावेद साबरी, डॉ.शहजाद अली, रहीश अहमद, गुलफाम साबरी,राशिद अली, नाजिम त्यागी, नामित सभासद मुर्सलीन उर्फ बाबा,श्याम सिंह, दानिश साबरी अकरम खान और शमीम साबरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














