पथरी के शिवगढ़ में पंचायत के दौरान खूनी संघर्ष सहायक समाज कल्याण अधिकारी समेत दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप
लक्सर। पथरी थाना क्षेत्र के गांव शिवगढ़ में युवती को लेकर भागे युवक के मामले में बुलाई गई पंचायत के दौरान हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर गंभीर धाराओं में क्रॉस केस (मुकदमा) दर्ज कर लिया है। एक पक्ष से सरकारी अधिकारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप है तो वहीं दूसरे पक्ष से भी मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पौड़ी गढ़वाल के विकास खंड जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात कामेश इन दिनों अवकाश पर अपने पैतृक गांव शिवगढ़ आए हुए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक उनके परिवार के एक युवक अभिषेक पुत्र भागमल गांव की ही एक युवती को अपने साथ ले गया था। युवक ने युवती से शादी करने के बाद नैनीताल हाईकोर्ट से प्रोटेक्शन का आदेश ले लिया था। इसी बात से नाराज होकर गांव में पंचायत बुलाई गई थी।
पहला पक्ष (कामेश का पक्ष): पीड़ित अधिकारी कामेश के अनुसार, पंचायत के दौरान आरोपी अंकुश ने उन्हें दबोच लिया और धर्मेंद्र, अमरपाल व वेदपाल राणा ने जान से मारने की नीयत से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में धारदार हथियार गर्दन और दाएं कंधे के पास लगने से कामेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं और पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने क्रॉस मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायतों के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की गहनता से निष्पक्ष जांच की जा रही है।














