खेत बचाओ अभियान के तहत ज्यूड़कफून गांव में किसानों को किया जागरूक

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा की ओर से 25 नवंबर 2026 को हवालबाग विकासखंड के ज्यूड़कफून गांव में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के 10 पुरुष किसानों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान डॉ. राजेश कुमार खुल्बे ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए स्थानीय संसाधनों के माध्यम से मिट्टी का संरक्षण करने और उसकी उर्वरता बनाए रखने के उपाय बताए। उन्होंने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसानों की आजीविका को मजबूत बनाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
वहीं, डॉ. महेंद्र सिंह भिंडा ने रबी फसलों की उन्नत किस्मों और उनकी वैज्ञानिक खेती की तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों को स्थानीय जलवायु एवं परिस्थितियों के अनुरूप फसलों की किस्मों का चयन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने जंगली जानवरों और सफेद गिडार कीट से फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या भी उठाई। इस पर विशेषज्ञों ने फसल सुरक्षा के लिए उपयुक्त तकनीकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. राजेश कुमार खुल्बे एवं डॉ. महेंद्र सिंह भिंडा ने किया। इस अवसर पर किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने का संदेश दिया गया।














