अल्मोड़ाएक्सक्लूसिव खबरें

29 नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा, तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा

 

 

 

 

अल्मोड़ा-उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आगामी 29 नवंबर 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 9 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 2479 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने सभी नामित मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का स्वयं भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों की तलाशी, यातायात व्यवस्था और परीक्षा कक्षों में आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर जसमीत कौर, वर्षा जोशी, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!