अल्मोड़ा -संविधान दिवस पर अल्मोड़ा के सभी सरकारी कार्यालयों में होगा प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। संविधान दिवस के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में संविधान दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 26 नवंबर को जनपद के सभी शासकीय कार्यालयों में संविधान दिवस मनाया जाए और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और नागरिकों के संवैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसमें विधि विशेषज्ञों द्वारा संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ ही विभिन्न कानूनों और उनके प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के आयोजन का उद्देश्य आमजन में संवैधानिक एवं कानूनी जागरूकता बढ़ाना है। इसके लिए विभिन्न कानूनों की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोग उनके उद्देश्य, महत्व और प्रावधानों को बेहतर तरीके से समझ सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों को आत्मसात करना और अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।












