बाइक समेत खाई में गिरा 52 वर्षीय व्यक्ति, अग्निशमन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में एक बाइक सवार के खाई में गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे में करीब 52 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद घायल को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को धार की त्यूनी मस्जिद के पास सेना क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर दिनेश चंद्र (उम्र लगभग 52 वर्ष) अपनी बाइक समेत खाई में गिर गए। घटना की सूचना फायर स्टेशन अल्मोड़ा को मिलने पर फायर रेस्क्यू एवं राहत यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने स्टेचर की सहायता से घायल व्यक्ति को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर एनटीडी चौकी का पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा।
रेस्क्यू अभियान में एलएफएम अजब सिंह, एफएस डीवीआर विपिन बडोला तथा फायरमैन मोहम्मद अशरफ, दीपक सामंत और नीरज कुमार शामिल रहे। अग्निशमन विभाग की टीम की तत्परता से घायल को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।














