जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, अल्मोड़ा में 40 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में 21 से 23 अक्टूबर तक आयोजित फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान जिले के 40 फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना संबंधी कार्यों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स अब तहसील स्तर पर 1223 प्रगणकों और 221 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे। इसके माध्यम से जनगणना कार्य को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश और प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार के साथ जनगणना निदेशालय से आए शुभम वर्मा और निखिल पंत ने फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया। जनगणना कार्य की सफलता के लिए प्रशिक्षित कार्मिकों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।














