अल्मोड़ाएक्सक्लूसिव खबरें

मासी में आयोजित सेवा संकल्प शिविर, में 810 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

 

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा

 

 

 

 

अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया विकासखंड के मासी में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा संकल्प शिविर में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में 810 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया, जबकि 141 शिकायतों का मौके पर निस्तारण भी किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मासी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में कुल 972 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान 810 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 152 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 141 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों के लिए 47 आवेदन भी प्राप्त हुए।

कार्यक्रम में मौजूद द्वाराहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार ऐसे शिविर आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।

मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लोगों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, उपज्येष्ठ प्रमुख जितेंद्र सिंह बंगारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष देवी, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, खंड विकास अधिकारी सुंदर दरियाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!