भगवान शिव का धनुष तोड़ सीता के हुए श्रीराम, सीता स्वयंवर, रावण-बाणासुर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद रहे तृतीय दिवस के मुख्य आकर्षण

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के कर्नाटक खोला स्थित श्री भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के तृतीय दिवस भगवान श्रीराम द्वारा भगवान शिव का धनुष तोड़कर सीता स्वयंवर जीतने के प्रसंग का भव्य मंचन किया गया।
इस दौरान सीता स्वयंवर, रावण-बाणासुर संवाद और परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने दर्शकों का विशेष आकर्षण खींचा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रामलीला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज, युवा पीढ़ी और बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने और अच्छे संस्कारों को अपनाने का संदेश मिलता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को रामलीला में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों से प्रेरणा लेकर बच्चे मर्यादा, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकते हैं।
रामलीला के दौरान रावण-बाणासुर तथा परशुराम-लक्ष्मण संवाद का कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और सशक्त संवाद अदायगी के साथ मंचन किया। कलाकारों की अभिनय क्षमता ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब वाहवाही बटोरी। दर्शकों ने रामलीला का आनंद लेते हुए आयोजन की सराहना की। वहीं, ऑनलाइन माध्यमों से भी रामलीला मंचन को सराहना प्राप्त हुई।
इस अवसर पर मोहन चंद्र कांडपाल, जगदीश चंद्र तिवारी, आनंद सिंह नयाल, भुवन चंद्र कर्नाटक, लीलाधर कांडपाल, पूरन चंद्र तिवारी, मथुरा दत्त कांडपाल, रमेश चंद्र जोशी, बद्री प्रसाद कर्नाटक, कमलेश कर्नाटक, कैलाश चंद्र तिवारी, नारायण दत्त तिवारी, जीवन चंद्र तिवारी, हंसा दत्त कर्नाटक, योगेश जोशी, गौरव कांडपाल, दिनेश मठपाल, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, बगड़वाल, हेम जोशी और देवेंद्र गोस्वामी सहित भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।














