रानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती पर क्षेत्र को मिली ‘वीरांगना संजीवनी’ एंबुलेंस की सौगात, सचिन अग्रवाल ने बहनों को दिया उपहार

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप
लक्सर। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती के अवसर पर 19 नवंबर 2026 को नारी शक्ति, साहस, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सचिन अग्रवाल, प्रदेश प्रकोष्ठ संकुल सहसमन्वयक भाजपा उत्तराखंड के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं को ‘वीरांगना संजीवनी’ नाम से आधुनिक सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस समर्पित कर अनूठी सौगात दी।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य डॉ. सविता आर्य, वैदिक प्रवक्ता मैत्रेय कन्या गुरुकुलम, वेदकुलम मुंडाखेड़ा खुर्द ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती, महारानी लक्ष्मीबाई और सावित्रीबाई फुले की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद बालिकाओं स्नेहा, संध्या, मनीषा, दीपिका, राधिका, सिमरन, खुशी, पूजा, कनक और अंजलि ने गायत्री मंत्र एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
इस अवसर पर सचिन अग्रवाल ने कहा कि मातृशक्ति आशीर्वाद महाअभियान के अंतर्गत उन्होंने क्षेत्र की 10 हजार से अधिक बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाया था। उस समय उन्होंने अपनी बहनों को वचन दिया था कि सुख-दुख की हर घड़ी में उनका यह भाई हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोहरे और सर्दी के मौसम में हर वर्ष सड़क दुर्घटनाओं के कारण कई लोगों की जान चली जाती है। इन हादसों में अनेक बहनें अपने भाइयों को खो देती हैं और कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ जाते हैं। इस पीड़ा को देखते हुए उन्होंने भैया दूज के पावन अवसर पर अपनी बहनों को उपहार स्वरूप आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस समर्पित करने का संकल्प लिया था।
सचिन अग्रवाल ने बताया कि यह समस्या केवल एक-दो वर्षों की नहीं है, बल्कि पिछले 20 वर्षों से अधिक समय में इस क्षेत्र में एक हजार से ज्यादा लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं। इसी पीड़ा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई की 198 वीं जयंती के अवसर पर ‘वीरांगना संजीवनी’ एंबुलेंस क्षेत्र की बहनों और जनता को समर्पित की है। एंबुलेंस में मरीजों को आपातकालीन सहायता देने के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज उन्हें गर्व महसूस हो रहा है कि वह अपनी बहनों से किए गए वादे को पूरा कर उनके साथ खड़े हो सके हैं। उनका उद्देश्य केवल एंबुलेंस देना नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों की जान बचाने में सहयोग करना और बहनों के प्रति अपने भाई होने का फर्ज निभाना है।
कार्यक्रम में रानी लक्ष्मीबाई के जीवन संघर्ष, अदम्य साहस, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को याद करते हुए समाज में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।












