स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एलआर साह रोड पर यातायात व्यवस्था में बदलाव

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। स्कूली बच्चों के विद्यालय समय में हुए बदलाव को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने एलआर साह रोड की यातायात व्यवस्था में आंशिक संशोधन किया है। नई व्यवस्था के तहत निर्धारित समयावधि में फायर स्टेशन अल्मोड़ा से शिखर तिराहा की ओर जाने वाले सभी चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के अनुसार प्रातः 8:30 बजे से 9:45 बजे तक तथा सायं 2:30 बजे से 4:30 बजे तक यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। इस दौरान आवश्यकता पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा, ताकि विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यातायात सुचारु बना रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि के अतिरिक्त एलआर साह रोड पर यातायात व्यवस्था पूर्व की भांति संचालित होती रहेगी।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि संशोधित यातायात व्यवस्था का पालन करें, पुलिस का सहयोग करें तथा प्रतिबंधित समय में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात संचालन में सहयोग प्रदान करें।














