अल्मोड़ा में अवैध हथियारों के साथ रामनगर के दो युवक गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और चाकू बरामद

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। विधानसभा सत्र और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अल्मोड़ा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कठपतिया तिराहे पर चेकिंग के दौरान अर्टिगा कार सवार रामनगर निवासी दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक रम्पुरिया चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 की शाम सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट और प्रभारी एसओजी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कठपतिया तिराहे पर वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन संख्या UK19TA-1942 (अर्टिगा) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अवैध हथियार बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भानू प्रताप बिष्ट उर्फ लक्की बिष्ट (26), निवासी पेट पड़ाव चौराहा, रामनगर तथा अंकित सिंह उर्फ छोटू (21), निवासी लूटाबड़, रामनगर, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहाड़ों से गांजा खरीदकर रामनगर में ऊंचे दामों पर बेचने के इरादे से आने की बात बताई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सल्ट में मुकदमा अपराध संख्या 20/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 3/4/25 में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध रामनगर कोतवाली में पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल हेमंत मनराल तथा एसओजी अल्मोड़ा के हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल नीरज कुमार शामिल रहे।
एसएसपी अल्मोड़ा ने विधानसभा सत्र और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा नियमित चेकिंग अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।














