धन-धान्य कृषि योजना की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, अधिकारियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा, 27 अक्टूबर। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और एक सप्ताह के भीतर योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक सुधार नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के साथ किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है। ऐसे में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए और अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति केवल सरकारी आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक लाभ किसानों की आय, कृषि उत्पादन और आजीविका में सुधार के रूप में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास केएन तिवारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।














