एक्सक्लूसिव खबरेंटिहरी गढ़वाल

टिहरी विधानसभा में भाजपा के एक और संभावित दावेदार के रूप में उभरा सुशील बहुगुणा का नाम

शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक लगे शुभकामना पोस्टरों ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा, 2027 के चुनाव को लेकर तेज हुई अटकलें

ब्यूरो चीफ धनपाल गुनसोला

नई टिहरी। टिहरी विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चाएं तेज होने लगी हैं। इसी बीच सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा का नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में आ गया है।
दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज एवं नववर्ष 2027 की शुभकामनाओं को लेकर टिहरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए बहुगुणा के पोस्टर इन दिनों राजनीतिक चर्चाओं का विषय बने हुए हैं। पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के चित्रों के साथ सुशील बहुगुणा की तस्वीर प्रमुखता से दिखाई दे रही है। पोस्टरों के माध्यम से उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को त्योहारों की शुभकामनाएं दी हैं।
राजनीतिक जानकारों के बीच इन पोस्टरों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि भाजपा की ओर से अभी प्रत्याशी चयन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सुशील बहुगुणा लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उनकी पहचान ‘शराब नहीं, संस्कार दो’ अभियान के प्रणेता के रूप में भी रही है। नशामुक्त गांव, नशामुक्त विवाह, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके द्वारा विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने पार्टी संगठन से आए पदाधिकारियों के समक्ष भी टिहरी विधानसभा से चुनाव लड़ने की अपनी संभावित दावेदारी का पक्ष रखा था। इसके अलावा न्यू टिहरी प्रेस क्लब में दीपावली मिलन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ संवाद और सम्मान समारोह में उनकी उपस्थिति भी चर्चा में रही।
टिहरी विधानसभा में भाजपा के भीतर संभावित दावेदारों की सूची में एक और नाम जुड़ने से आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल और दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि पार्टी संगठन आगामी चुनाव में किसे अपना प्रत्याशी बनाता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!