मंच पर वीआईपी, पंडाल में सन्नाटा! नंदा देवी मेले के शुभारंभ ने खड़े किए बड़े सवाल

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और कुमाऊं की आस्था के सबसे बड़े प्रतीकों में शामिल ऐतिहासिक नंदा देवी मेले का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मंच पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही, लेकिन समारोह स्थल पर दिखाई दी खाली कुर्सियों ने मेले की भव्यता और जनभागीदारी को लेकर नई बहस छेड़ दी।

मेले के उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खाली पड़े पंडाल को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि जिस मेले को कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत का सबसे बड़ा उत्सव माना जाता है, उसके उद्घाटन में ही अपेक्षित भीड़ का न पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक जानकारों का मानना है कि वर्षों से मेले के विस्तार, आधुनिक स्वरूप और व्यापक प्रचार-प्रसार की बातें की जाती रही हैं, लेकिन आम जनता की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अपेक्षित प्रयास दिखाई नहीं देते। उनका कहना है कि अल्मोड़ा नगर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक अनेक सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और लोक परंपराओं के जानकार लोग मौजूद हैं, जिनकी सक्रिय भागीदारी मेले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। इसके बावजूद ऐसे लोगों की भूमिका सीमित दिखाई देती है।

कई लोगों का यह भी मानना है कि समय के साथ मेला आम जनता के बजाय एक सीमित दायरे में सिमटता नजर आ रहा है। यही कारण है कि नई पीढ़ी और आम नागरिकों का जुड़ाव पहले जैसा दिखाई नहीं देता। लोगों का कहना है कि यदि मेले को वास्तव में भव्य और जन-जन का उत्सव बनाना है तो इसके आयोजन में व्यापक सामाजिक सहभागिता और नए विचारों को स्थान देना होगा।
नंदा देवी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि कुमाऊं की संस्कृति, लोक कला, परंपराओं और सामूहिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे में उद्घाटन समारोह में खाली नजर आया पंडाल अब एक बड़ा सवाल बन गया है—क्या मेले को नए स्वरूप, नई सोच और व्यापक जनसहयोग की जरूरत है?
फिलहाल उद्घाटन समारोह की यह तस्वीर नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग मेले के भविष्य तथा उसकी बढ़ती या घटती जनस्वीकृति पर खुलकर चर्चा कर रहे हैं।














