ऋषिकेशएक्सक्लूसिव खबरें

आईएसबीटी के बाहर गलत दिशा में बस लगाकर सवारी भरना पड़ा भारी, इलेक्ट्रिक बस निरुद्ध

संपादक अनिल रावत एवं लक्ष्मी रावत
ऋषिकेश। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर आईएसबीटी ऋषिकेश के बाहर गलत दिशा में इलेक्ट्रिक बस लगाकर सवारी भरने के मामले में परिवहन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। चेकिंग के दौरान इलेक्ट्रिक बस संख्या UK07 PA 6311 को आईएसबीटी गेट के बाहर गलत दिशा में खड़ा कर सवारियां भरते पाया गया। प्रवर्तन दल ने जब बस को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को गलत दिशा में करीब 100 मीटर तक रिवर्स कर दिया। इससे बस में सवार यात्रियों के साथ ही मौके पर आवागमन कर रहे अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। मामले में वाहन को सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और आईएसबीटी परिसर के बाहर से सवारी बैठाने के आरोप में परिवहन कार्यालय में निरुद्ध कर दिया गया।
बताया गया कि देहरादून-ऋषिकेश के बीच संचालित इलेक्ट्रिक बस के नियम विरुद्ध संचालन की शिकायतें परिवहन विभाग को लगातार मिल रही थीं। बस को आईएसबीटी गेट के बाहर खड़ा करने के साथ ही नटराज चौक सहित अन्य स्थानों पर मुख्य मार्ग पर रोककर यातायात बाधित करने की शिकायतें भी सामने आई थीं। विभाग की ओर से संबंधित चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन और वाहन स्वामी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति उच्च स्तर पर भेजी जा रही है।
वहीं, आईएसबीटी परिसर के बाहर से सवारी भरने पर मैक्सी वाहन संख्या UK07 TA 2371 और UK04 TA 1550 के विरुद्ध भी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। दोनों वाहनों के चालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा इसी स्थान से संचालन करते पाए जाने पर संबंधित वाहनों के परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!