अल्मोड़ा में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, दो दिन में 133 वाहन चालकों के चालान

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद के सभी थाना, कोतवाली, चौकी एवं यातायात पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बीते दो दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 133 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में पुलिस की विभिन्न टीमों ने जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों एवं परिचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने, ओवरस्पीड में वाहन नहीं चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।
इसके अतिरिक्त जनपद में अशांति एवं अव्यवस्था फैलाने वाले तथा बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे बाहरी व्यक्तियों सहित कुल 32 लोगों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने सभी थाना एवं यातायात प्रभारियों को चेकिंग अभियान में निरंतरता बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपीलकी है।














