अल्मोड़ाएक्सक्लूसिव खबरें

श्रीअन्न की उन्नत खेती और मूल्य संवर्धन का विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

 

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा

 

 

 

 

 

अल्मोड़ा। भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा के प्रयोगात्मक प्रक्षेत्र हवालबाग में 16 से 20 नवंबर 2026 तक “श्री अन्न की उन्नत उत्पादन तकनीक, मूल्य संवर्धन एवं संरक्षित खेती” विषय पर पांच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) की वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजना के अंतर्गत परियोजना निदेशक, गया (बिहार) द्वारा प्रायोजित इस प्रशिक्षण में बिहार के गया जिले से 20 पुरुष कृषकों सहित कुल 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें आत्मा परियोजना के एक सहायक तकनीकी प्रबंधक भी शामिल रहे।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को श्री अन्न यानी मिलेट्स एवं पोषक अनाजों के पोषण और खाद्य सुरक्षा में महत्व, उन्नत एवं अधिक उपज देने वाली प्रजातियों, आधुनिक उत्पादन तकनीकों, पादप सुरक्षा, मूल्य संवर्धन, विभिन्न व्यंजन विधियों तथा कटाई के बाद फसलों के उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बीज गुणवत्ता प्रबंधन, संरक्षित खेती की उन्नत तकनीकों, फसल उत्पादन में लाभकारी सूक्ष्मजीवों की भूमिका तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती की पद्धतियों पर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम में किसानों को प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों से फसलों की सुरक्षा, मृदा उर्वरता में सुधार, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने के बारे में विस्तार से बताया गया। इन तकनीकों के माध्यम से टिकाऊ कृषि उत्पादन के साथ किसानों की आमदनी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के तहत प्रतिभागियों को आदर्श ग्राम भगरतोला में प्रगतिशील किसानों के खेतों का भ्रमण भी कराया गया। यहां उन्होंने संस्थान की उन्नत कृषि तकनीकों और स्थानीय किसानों द्वारा अपनाए जा रहे कृषि नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्रगतिशील कृषकों से संवाद कर उनके अनुभवों को जाना और इन तकनीकों को अपने क्षेत्रों में अपनाने के लिए प्रेरित हुए।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पोषण एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में श्री अन्न फसलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जलवायु परिवर्तन की वर्तमान परिस्थितियों में इन फसलों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि श्री अन्न की फसलें कम पानी और सीमित संसाधनों में भी बेहतर उत्पादन देने में सक्षम हैं, इसलिए ये छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं।

उन्होंने किसानों से संस्थान द्वारा विकसित मिलेट थ्रेशर तथा उच्च उपजशील, शीघ्र पकने वाली और रोग प्रतिरोधी उन्नत प्रजातियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री अन्न की बढ़ती बाजार मांग को देखते हुए आधुनिक उत्पादन एवं प्रसंस्करण तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। इससे फसलों की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही उन्हें श्री अन्न फसलों के उन्नत बीज एवं मूल्यवर्धित उत्पाद भी प्रदान किए गए। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय डॉ. महेन्द्र सिंह भिण्डा, दिनेश चन्द्र जोशी एवं कुशाग्रा जोशी ने किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!