स्वामी विवेकानंद के विचारों के प्रसार पर कुलपति और स्वामी ध्रुवेशानंद के बीच हुई चर्चा

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। रामकृष्ण कुटीर, अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट और कुटीर के अध्यक्ष स्वामी ध्रुवेशानंद महाराज के बीच स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और उनके संदेशों के व्यापक प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान स्वामी विवेकानंद केंद्र तथा स्वामी विवेकानंद से जुड़े ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को युवाओं तक पहुंचाने और उनके विचारों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही स्वामी विवेकानंद से जुड़े स्थलों को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विकसित करने के विषय पर भी संवाद हुआ।
इस अवसर पर रामकृष्ण कुटीर की ओर से प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल का कुलपति नियुक्त होने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कुटीर परिवार ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद-महात्मा गांधी आध्यात्मिक पर्यटन परिपथ अध्ययन केंद्र के संयोजक डॉ. चन्द्र प्रकाश फुलोरिया, सह-संयोजक डॉ. ललित चन्द्र जोशी, स्वामी मायाधीशानंद महाराज, अमन कुमार सहित रामकृष्ण कुटीर के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।












