ठेकेदार द्वारा विगत एक साल से अधिक का वेतन न दिए जाने पर गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने पीएमएस का किया घेराव
एस एस कपकोटी ब्यूरो अल्मोड़ा
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार सुर्खियों में है कभी मरीज को रेफर करने को लेकर तो कभी डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवाई लिखे जाने और कभी कर्मचारियों के वेतन न मिलने को लेकर आए दिन अस्पतालों में धरना प्रदर्शन हो रहे हैं।
एक बार फिर मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित बेस हॉस्पिटल में ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मचारियों का एक साल से अधिक का वेतन न दिए जाने पर नाराज सफाई कर्मचारियों ने भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज संगठन के बैनर तले पीएमएस डॉक्टर मेहता का घेराव किया।
भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज संगठन ने बेस अस्पताल के पीएमएस से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सोपा, ज्ञापन में कहा गया है कि अस्पताल के ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मचारियों का पिछले एक साल से अधिक समय का वेतन रोका गया है, इस संबंध में जब उससे बात की गई तो वह वेतन देने से मुकर रहा है और बदतमीजी कर रहा है। इसलिए यह अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ठेकेदार को बुलाकर सफाई कर्मचारियों का वेतन दिलाया जाए।
यदि ठेकेदार द्वारा शीघ्र ही उनका एक साल से भी अधिक का वेतन नहीं दिया जाता है तो वह अस्पताल में धरने पर बैठने को मजबूर होंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने वालों में वाल्मीकि धर्म समाज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेस पवार, जिला अध्यक्ष संजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार,सचिव, किट्टू चंदेल संगठन मंत्री बलवीर कुमार, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के उप सचिव अमन टकवाल, रंजीत कुमार, राजकुमार, विक्की कुमार, अमन बाल्मिकी आदि मौजूद
रहे।












