एक्सक्लूसिव खबरेंलक्सर

लक्सर में साम्प्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल एक ही पंडाल में 265 निर्धन बेटियों के हुए विवाह और निकाह खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा की पहल पर आयोजित हुआ भव्य सामूहिक विवाह समारोह

आचार्य बालकृष्ण, मीका सिंह, बी प्राक और अवध ओझा समेत देश की कई नामचीन हस्तियों ने की शिरकत

251 के लक्ष्य से आगे बढ़कर 265 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, हजारों लोगों ने दिया आशीर्वाद

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप

लक्सर। लक्सर की धरती पर मंगलवार को सामाजिक सद्भाव, सेवा और मानवता का एक ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में निर्धन परिवारों की बेटियों के लिए एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि एक ही छत और एक ही पंडाल के नीचे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार से विवाह संपन्न हुए, तो वहीं दूसरी ओर मुस्लिम रीति-रिवाजों के साथ काजी ने निकाह पढ़ाया। कार्यक्रम में शुरुआत में 251 कन्याओं के विवाह का पंजीकरण किया गया था, लेकिन मौके पर पहुंचे जरूरतमंद परिवारों को देखते हुए कुल 265 जोड़ों का विवाह और निकाह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।


दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा
इस ऐतिहासिक और पुनीत कार्य का साक्षी बनने के लिए देश की कला, साहित्य, शिक्षा और आध्यात्म जगत की कई बड़ी हस्तियां लक्सर पहुंचीं। समारोह में पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक मीका सिंह, बी प्राक, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, सूफी गायक अल्तमश फरीदी, चर्चित शिक्षक और प्रेरक वक्ता अवध ओझा तथा अभिनेता सलमान खान के अंगरक्षक शेरा विशेष रूप से शामिल हुए। इन दिग्गजों की एक झलक पाने और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए क्षेत्र के हजारों लोग दूर-दराज के गांवों से उमड़ पड़े। अतिथियों ने मंच से नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
आलोचकों को आचार्य बालकृष्ण की दो टूक, विधायक के प्रयासों को सराहा
समारोह को संबोधित करते हुए आचार्य बालकृष्ण ने इस आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एक ही मंच पर 265 निर्धन बेटियों का विवाह और निकाह कराना न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक क्रांतिकारी कदम भी है। इस पुनीत कार्य के लिए विधायक उमेश कुमार शर्मा बधाई के पात्र हैं। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि भारतीय राजनीति के इतिहास में यह एक बिरला उदाहरण है, जहां किसी जनप्रतिनिधि ने अपने दम पर एक हजार से अधिक निर्धन बेटियों का घर बसाने का संकल्प लिया हो और उसे लगातार पूरा भी कर रहा हो।
इस दौरान उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग ऐसे पवित्र और सामाजिक आयोजनों में भी कमियां निकालने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को बेवजह की आलोचना करने के बजाय खुद आगे आकर समाज की गरीब बेटियों के लिए इस तरह के आयोजन करने चाहिए।
यह सिलसिला आगे भी अनवरत जारी रहेगा: उमेश कुमार
कार्यक्रम के आयोजक और खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए इसे अपने जीवन का सबसे ऐतिहासिक और भावुक दिन बताया। उन्होंने कहा कि एक ही पंडाल में विभिन्न धर्मों की बेटियों को विदा होते देखना उनके लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन गरीब माता-पिता के कंधों का बोझ कम करना है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों के हाथ पीले करने में असमर्थ हैं।
उन्होंने मंच से क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि निर्धन कन्याओं के विवाह का यह सिलसिला भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र की किसी भी बेटी को संसाधनों के अभाव में परेशान नहीं होने दिया जाएगा। अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान और उपहार भेंट कर नम आंखों से विदा किया गया। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन की चर्चा सामाजिक एकता और जनसेवा की एक बड़ी मिसाल के रूप में हो रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!