दूषित जल भराव की समस्या से परेशान ग्रामीण

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप
लक्सर। बाक्करपुर गांव में मुख्य मार्ग घरों से निकलने वाले पानी की निकासी नहीं होने के चलते पिछले करीब तीन महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है।
जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से लगातार समस्या का समाधान कराये जाने की मांग की जा रही है लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।

लक्सर क्षेत्र के बाक्करपुर गांव के मुख्य मार्ग से पानी की निकासी नहीं होने के चलते घरों से आने वाला दूषित पानी इसी मार्ग में इकट्ठा हो रहा है, जिससे जल भराव की स्थिति बनी हुई है, ग्रामीणों को आवागमन में इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीण ओमपाल सिंह, राजवीर सिंह, राजेश कुमार, विक्रम सिंह, संजय सिंह, सागर कश्यप, पवन कुमार, सुशील कुमार, टीटू कश्यप, बिरम सिंह आदि का कहना है कि, पिछले काफी समय से मुख्य मार्ग में हो रहे जल भराव की समस्या को झेलते आ रहे हैं, ग्रामीणों ने कहा कि यह गांव की मुख्य और बड़ी समस्या है। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और ग्रामीणों को जल भराव से होकर तो गुजरना पड़ ही रहा है, इसके साथ-साथ सड़क पर भरे पानी में गड्ढे नजर नहीं आने के चलते छोटे बच्चे और ग्रामीण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग में जमा दूषित पानी से मक्खी मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है साथ ही संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 3 महीनों से समस्या का समाधान कराये जाने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से समस्या का समाधान कराए जाने की लगातार मांग की जा रही है, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।
उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला का कहना है कि घरों से निकलने वाला दूषित पानी मार्ग के किनारे नाली ना होने के कारण मुख्य मार्ग में जमा हो रहा है इसलिए हम जल्द ही मुख्य मार्ग के किनारे नाली बनवाने का कार्य करेंगे जिससे ग्रामीणों को समस्या से निजात मिल सके।














