नन्दा देवी मेले के लिए अल्मोड़ा में ट्रैफिक प्लान जारी, एलआर साह रोड पर रहेगा आंशिक डायवर्जन

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। माँ नन्दा देवी मेले के सफल एवं सुचारू आयोजन को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने 16 से 23 सितंबर तक नगर की यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर एलआर साह रोड में एनटीडी तिराहे से शिखर तिराहे तक विशेष डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी।
पुलिस द्वारा जारी यातायात प्लान के अनुसार दन्या और पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले चौपहिया वाहन एनटीडी तिराहा, धारानौला और करबला मार्ग से अपने गंतव्य को जाएंगे। वहीं बागेश्वर की ओर से आने वाले वाहन एनटीडी से धारानौला-करबला अथवा लक्ष्मेश्वर-पांडेखोला मार्ग का उपयोग करेंगे। मेला अवधि के दौरान एलआर साह रोड पर एनटीडी से शिखर की ओर चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
शाम 4:30 बजे से मेला समाप्ति तक शिखर और साई मंदिर के बीच दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। स्कूल वाहनों के लिए भी वापसी मार्ग में बदलाव किया गया है। धारानौला रोड, मॉल रोड और लोअर मॉल रोड पर यातायात व्यवस्था पूर्ववत संचालित होगी।
पुलिस ने बताया कि माँ नन्दा-सुनन्दा देवी की डोला यात्रा के दौरान एलआर साह रोड और मॉल रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
मेले के दौरान चौपहिया वाहनों के लिए जेल कैम्प के निकट मोर्चरी के पास अस्थायी पार्किंग तथा दोपहिया वाहनों के लिए शिखर तिराहे के पास भैरव पार्किंग निर्धारित की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।














