होमकुंड में स्थापित की मां नंदा देवी की ध्वजा, भवाली लौटने पर हुआ भव्य स्वागत

एस एस कपकोटी
नैनीताल/भवाली। बारह वर्ष में आयोजित होने वाली हिमालयी कुंभ नंदा देवी बड़ी जात यात्रा एवं नंदा देवी लोकजात यात्रा में भवाली नंदा देवी कमेटी की उपाध्यक्ष कंचन सुयाल और लोकेश जोशी ने प्रतिभाग कर धार्मिक आस्था और परंपरा का निर्वहन किया। दोनों यात्रियों ने भवाली स्थित नंदा देवी मंदिर प्रांगण से यात्रा का शुभारंभ करते हुए मां नंदा देवी की ध्वजा होमकुंड में स्थापित करने का संकल्प लिया।
यात्रा के दौरान अल्मोड़ा पहुंचकर उन्होंने लोकजात यात्रा में कुमाऊं का प्रतिनिधित्व किया तथा अल्मोड़ा नंदा देवी कमेटी की ध्वजा वेदनी बुग्याल में स्थापित करने का संकल्प भी लिया। इसके बाद यात्रा सोमेश्वर, कोट भ्रामरी, ग्वालदम, चेपड़ो, नंदकेसरी, मुंडोली और लोहाजंग होते हुए वाण गांव पहुंची, जहां लोकजात और बड़ी जात यात्रा का मिलन हुआ।
वाण गांव से श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा शुरू की, जो गैरोली पाटल होते हुए वेदनी बुग्याल पहुंची। यहां अल्मोड़ा नंदा देवी कमेटी की ध्वजा स्थापित की गई। इसके बाद यात्रा पथरनाचनी, कैलवा विनायक, भगुवाबासा, रूपकुंड, जूनार गली, शिला समुद्र और छोटा होमकुंड होते हुए बड़ा होमकुंड पहुंची। यहां मां राजराजेश्वरी नंदा देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद भवाली से लाई गई ध्वजा होमकुंड में स्थापित की गई।
वापसी में यात्रा जामुनडाली, लाताकोपड़ी, तातड़ी, सुतोल और कनोल होते हुए पुनः वाण गांव पहुंची। यात्रा पूर्ण कर भवाली लौटने पर नंदा देवी मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा दल का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर कैलाश सुयाल, दीपेश कपिल, खष्टी बिष्ट, नीरज बढ़ानी और भगवती सुयाल सहित अनेक लोगों ने यात्रियों का अभिनंदन किया। वहीं मंच से मनीष साह, पंकज भाकुनी, बालम मेहरा, अभिषेक मेहता, अमित पांडे, पवन भाकुनी, त्रिवेंद्र साह और आयुष कुमार ने यात्रा पूर्ण करने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।














