सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा में “सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवाइयों की गुणवत्ता, लाइसेंस और एक्सपायर्ड दवाओं की जांच की गई।
माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्री श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अनामिका सिंह और ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी ने धार की तूनी और एनटीडी क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस चेक किए गए तथा एक्सपायर्ड दवाओं की विशेष जांच की गई। टीम ने सभी मेडिकल स्टोरों में अलग से लेबलयुक्त एक्सपायरी बॉक्स बनाने, नियमानुसार कैश मेमो एवं रिकॉर्ड संधारित करने, प्रत्येक ग्राहक को बिल उपलब्ध कराने, एक्सपायर्ड दवाओं के सुरक्षित रख-रखाव और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना तथा दवा बिक्री से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।













