खानपुर विधायक उमेश कुमार के प्रस्ताव पर गोवर्धनपुर विद्यालय का उच्चीकरण, राजकीय इंटर कॉलेज का उद्घाटन

वरिष्ठ संवाददाता नाथीराम कश्यप
लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के गोवर्धनपुर में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोवर्धनपुर का उच्चीकरण कर राजकीय इंटर कॉलेज बनाए जाने के बाद इसका उद्घाटन किया गया। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से कॉलेज का उद्घाटन किया, जबकि खानपुर विधायक उमेश कुमार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने बताया कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोवर्धनपुर को उच्चीकृत कर राजकीय इंटर कॉलेज बनाए जाने का प्रस्ताव उनके द्वारा रखा गया था। अब इस प्रस्ताव के साकार होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जनता विधायक ने कहा कि इंटर कॉलेज बनने से क्षेत्र के बच्चों को इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने ही क्षेत्र में आगे की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में शैक्षिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास तभी सार्थक होगा, जब बच्चों को बेहतर शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गोवर्धनपुर विद्यालय का उच्चीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आने वाले समय में क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिल सकेंगे।
गोवर्धनपुर में राजकीय इंटर कॉलेज की शुरुआत को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के विस्तार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














