अब बाइक पर पीछे बैठने वाले को भी पहनना होगा हेलमेट, 23 नवंबर से अल्मोड़ा पुलिस करेगी सख्ती

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा पुलिस ने यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। अब दोपहिया वाहन पर चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 23 नवंबर 2026 से हेलमेट नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद के सभी थाना प्रभारियों, यातायात अधिकारियों और इंटरसेप्टर प्रभारियों को विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में रविवार, 22 नवंबर को सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी कोतवाली एवं थाना क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने आमजन और युवाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान सिर की गंभीर चोटों से बचाव का महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। इसलिए वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट का इस्तेमाल करना चाहिए।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 23 नवंबर से लागू होने वाली सख्ती को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों हेलमेट पहनें तथा स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।














